उत्तर प्रदेश में लगातार महापंचायत कर रही कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी आज कृष्ण जी की नगरी मथुरा के पालीखेडा पहुंची। इस दौरान प्रियंका गांधी ने एक बार फिर कृषि कानूनों के मुद्दे पर मोदी सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि ये मेरा सौभाग्य है कि मैं भगवान कृष्ण की धरती पर आई हूं। आज हमारा अन्नदाता पिछले 90 दिनों से सड़क पर बैठा है। कई किसान शहीद हुए, मगर सरकार की नींद नहीं खुल रही है। इस सरकार के अहंकार को भगवान कृष्ण जरूर तोड़ेंगे।
प्रियंका गांधी ने कहा कि आज अगर आप देश के किसी भी हिस्से को देखें को किसानों की आंखों में आंसू हैं। मोदी सरकार की खासियत यह है कि वो बातों से पेट भरना चाहती है। किसानों के हक को मारा जा रहा है। किसान बेचार इधर उधर भटक रहा है। लेकिन सरकार कहती है कि किसान खुशहाल हैं। चुनाव के समय किए गए वादे झूठे निकले। सच्चाई आपके सामने है। यह सिर्फ अहंकारी प्रधानमंत्री नहीं हैं, कायर प्रधानमंत्री भी हैं। क्योंकि जैसे ही इनकी नीतियों और निर्णयों पर सवाल उठता है तो वह एक दम से पीछे हटकर पिछली सरकारों को जिम्मेदार ठहराते हैं।
भाजपा सरकार सबकुछ बेचने पर तुली है। गोवर्धन पर्वत को संभाल कर रखिए, कल का कुछ नहीं पता इसे भी बेचने की कोशिश न करें। केंद्र ने खरबपति मित्रों को लाखों-करोड़ कर्जा माफ किया है। किसानों का एक भी कर्जा माफ नहीं किया। 90 दिनों से किसान दिल्ली की सीमा पर अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं। 200 से ज्यादा किसान इस दौरान शहीद हो गए। पीएम दुनिया के हर कोने में पहुंचे लेकिन किसानों से मिलने नहीं गए।
बता दे उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव हैं और प्रियंका गांधी कांग्रेस की यूपी प्रभारी हैं। ऐसे में खुद प्रियंका गांधी बीते दिनों से फ्रंटफुट पर हैं और लगातार प्रदेश का दौरा कर रही हैं। प्रियंका गांधी ने इससे पहले सहारनपुर, बिजनौर और मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायतों में हिस्सा लिया था।
ये भी पढ़ें- गुजरात निकाय चुनाव 2021: सभी छह बड़े शहरों में बीजेपी की बड़ी जीत