आज गुजरात स्थानीय निकाय के चुनाव के नतीजे घोषित हो रहे है। अबतक के रुझान में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी ) जीत की ओर है। अब तक के रुझानों में सभी छह नगर निगमों- अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, जामनगर, भावनगर और राजकोट में बीजेपी को बहुमत मिलता दिख रहा है। निकाय चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी बीजेपी और कांग्रेस के बीच है। हालांकि आम आदमी पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रदर्शन पर भी सबकी नजरें हैं।
ताजा रुझानों के अनुसार, बीजेपी ने 294 सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि कांग्रेस और आप की हालत पस्त है। कांग्रेस के खाते में 37 सीटें गई हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी भी दहाई का आंकड़ा पार कर चुकी है। आम आदमी पार्टी 13 पर और अन्य 3 पर आगे। AAP की सारी बढ़त सूरत नगर निगम में सामने आ रही है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी पहली बार स्थानीय निकाय चुनाव में उतरी है। पार्टी कुल 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। ये दोनों सीटें अहमदाबाद नगर निगम की हैं।
बता दे बीते रोज रविवार को यहां गुजरात निकाय चुनाव 2021 के लिए अहमदाबाद समेत 6 महानगर-पालिकाओं में मतदान हुआ था। जिनमें राजकोट, वडोदरा, सूरत, भावनगर और जामनगर शामिल थे। राज्यभर के नगर निगमों (महानगर-पालिकाओं) में 575 सीटों के लिए लोगों ने वोट डाले थे। इस बार के चुनाव में 576 सीटों पर 2276 प्रत्याशी खड़े हुए हैं। चुनाव लड़ने वालों में भाजपा के 577, कांग्रेस के 566, आप के 470, एनसीपी के 91, अन्य दलों के 353 और 228 निर्दलीय शामिल हैं। गुजरात की 81 नगर पालिका, 31 जिला पंचायत और 231 तहसील पंचायत के लिए 28 फरवरी को वोटिंग होगी और काउंटिंग 2 मार्च को होगी।
अगर 2015 के निकाय चुनावों की बात करें तो गुजरात में भारतीय जनता पार्टी के खाते में 391 सीटें आई थीं, वहीं कांग्रेस 174 के आंकड़े पर सिमट गई थी।
ये भी पढ़ें- बाबा रामदेव की कोरोनिल पर फिर उठे सवाल, स्वास्थ्य मंत्री से मांगा गया जवाब